
उदित वाणी, पटमदा: जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के पटमदा प्रखंड प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने शनिवार सुबह धूसरा टोला स्थित डोगागरल सबर टोला का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों से मौके पर ही संपर्क साधा। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क से सबर टोला तक लगभग 700 मीटर कच्ची सड़क होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक प्रतिनिधि को ज्ञापन भी सौंपा। इस पर चन्द्रशेखर टुडू ने विभागीय कनीय अभियंता से दूरभाष पर बातचीत कर एक सप्ताह के भीतर स्थल निरीक्षण कर डीपीआर तैयार करने और स्वीकृति प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया। इससे ग्रामीणों में पक्की सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है। मौके पर झामुमो नेता हरिहर सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

