
उदित वाणी,चक्रधरपुर :माइलेज भत्ता (केएमए) में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से नाराज लोको पायलटों ने शुक्रवार को टाटानगर, आदित्यपुर समेत चक्रधरपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जोरदार प्रदर्शन किया। गार्ड-क्रू लॉबी के बाहर एकजुट होकर रेलकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने के प्रति एकजुटता दिखाई।

ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में लोको पायलटों ने स्पष्ट कहा कि सरकार द्वारा की गई 23 प्रतिशत वृद्धि नाकाफी है। उनका कहना है कि महंगाई और बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए माइलेज भत्ता में कम से कम 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी चाहिए थी। साथ ही महंगाई भत्ता भी 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने वेतनमान की अधिकतम सीमा समाप्त करने, आयकर में छूट देने और वेतन वृद्धि में शामिल 30 प्रतिशत वेतन तत्व के लाभ को समाप्त करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा। उनका आरोप है कि लंबे समय से लंबित इन मांगों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
लोको पायलटों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इससे रेल परिचालन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

