
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की मुस्तैदी से एक नाबालिग बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, बच्ची ओड़िशा के गंजाम जिले से घर छोड़कर ट्रेन के जरिए टाटानगर पहुंच गई थी। स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ की महिला जवानों ने संदिग्ध स्थिति में घूम रही बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ की।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि घर में मां के साथ घरेलू काम को लेकर विवाद होने के बाद वह नाराज होकर भाग आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल चाइल्ड लाइन को सूचना दी और परिजनों से संपर्क साधा। परिजनों को बच्ची के सुरक्षित मिलने की जानकारी दे दी गई है, ताकि वे आकर उसे अपने साथ ले जा सकें। आरपीएफ की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण मिल सका।

