
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में घरेलू कलह ने एक और जिंदगी निगल ली. बेल्डीह स्कूल गेट नंबर-3 के सामने स्थित एक आउटहाउस में टेंपो चालक छोटू निषाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना गुरुवार को सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात छोटू निषाद और उनकी पत्नी पिंकी देवी के बीच गाड़ी चलाने को लेकर तीखा विवाद हुआ था. छोटू की आदत थी कि वह शराब के नशे में टेंपो चलाते थे, जिसका उनकी पत्नी लगातार विरोध करती थीं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई थी.
गुरुवार सुबह पिंकी देवी रोज की तरह काम पर चली गईं. जब वह करीब 11 बजे लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो पति को फंदे से लटका पाया. यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पत्नी ने बताया कि उनकी शादी को 15 साल हो चुके हैं और उनकी कोई संतान नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है.

