
उदित वाणी, हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार टीओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में बुधवार की शाम करीब पांच बजे हुए एक जोरदार विस्फोट में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई है. दो अन्य लोग घायल हो गए. जोरदार धमाके के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए.
मृतकों की पहचान मो. सद्दाम (पिता-मो. युनूस), राशिदा (पति-मो. मुश्ताक) और नन्हीं परवीन (पति-मो. सद्दाम) के रूप में की गई है. सभी मृतक हबीबी नगर के ही निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने विस्फोट की पुष्टि की है, लेकिन फिलहाल आधिकारिक तौर पर घटना का ब्योरा नहीं दिया गया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ लोग घर के पास स्थित बाड़ी की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया. विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई. कई घरों में रहने वाले लोग डर के कारण बाहर निकल आए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. विस्फोट के कारणों को लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमाका किसी पहले से रखे गए विस्फोटक के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है.
फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाकर जांच में जुटी हुई है. प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल, घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी ऑपरेशन माइकल राज ने धमाके में 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि धमाके की वजह और प्रकृति का पता लगाया जा रहा है. पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर हैं.
(आईएएनएस)

