
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान राम बिहारी दास (56) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वे पश्चिम बंगाल के दीघा के निवासी थे. घायल मजदूर को ठेकेदार द्वारा तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर स्थित आरएसओ गेट के अंदर बोरिंग का कार्य चल रहा था. इसी दौरान बोरिंग में उपयोग किया जा रहा ट्राइपॉड अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा. ट्राइपॉड की चपेट में आने से राम बिहारी दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में काम कर रहा दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है. प्रारंभिक जांच में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
