
उदित वाणी, रांची : सीबीआई रांची की टीम ने शुक्रवार को सेना के हवलदार मुकेश कुमार राय व उसके सहयोगी रिश्तेदार दिनेश कुमार राय को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद सीबीआई ने आरोपियों के घरों में भी तलाशी ली और डिजिटल डिवाइस समेत अन्य सामान जब्त किये गए.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सीबीआई ने शनिवार को रांची स्थित बिशेष अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. गिरफ्तार सेना के हवलदार मुकेश कुमार राय रांची हवाई अड्डे के समीप रक्षा भूमि एनओसी आरएंडओ एफएलटी यूनिट 56 एपीओ में पदस्थापित है. उनपर सेना की भूमि पर बने रहे अपार्टमेंट को पूरा करने के एवज में ठेकेदार से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है.
सीबीआई ने रिश्वत की दूसरी किस्त की राशि लेते समय उन्हें दबोचा. इस मामले में सीबीआइ में 30 जनवरी 2026 को कांड संख्या आरसी 0242026 ए 004/26 में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में शिकायतकर्ता रांची के हटिया के सिंहमोड़ कल्याणपुर निवासी शिवम उर्फ बिशु है. उन्होंने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि सेना की जमीन पर बन रहे सुदर्शन अपार्टमेंट की ढलाई व निर्माण कार्य पूरा करने के एवज में उनसे आरोपी हवलदार मुकेश कुमार राय ने पांच लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी.
इस मांग के बदले में ठेकेदार शिवम उर्फ बिशु ने हवलदार को 13 जनवरी को 50 हजार रुपये की रिश्वत दे दी थी. इसके बाद किस्त के रूप में हवलदार ने ठेकेदार पर डेढ़ लाख रुपये और देने का दबाब बनाया. परंतु हवलदार ने 30 जनवरी को 50 हजार रुपये की दूसरी किस्त देने पर सहमति जताई. इसकी शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की और हवलदार की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया था.

