उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार रात ओड़िया क्लब के पास छिनतई और हमले की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. दास बस्ती निवासी राज दास पर उस समय बदमाशों ने हमला किया, जब वह रात करीब 10 बजे ड्यूटी से लौट रहे थे. राज दास के मुताबिक, नशे में धुत कुछ युवकों ने उन्हें रोककर छिनतई का प्रयास किया. विरोध करने पर बदमाशों ने चापड़ से वार कर दिया. हालात बिगड़ते देख राज अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर किसी तरह जान बचाकर भाग निकले.
घटना की जानकारी मिलते ही राज के दोस्त मौके पर पहुंचे. इसी दौरान बदमाशों ने संदीप पर भी चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई. घायल संदीप को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से भी हमला किया. पत्थरबाजी में राज की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद राज दास और उनके साथी तुरंत बर्मामाइंस थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी. राज और संदीप ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है.
इधर, ओड़िया क्लब के पास हुई इस वारदात को लेकर दास बस्ती के लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.


