
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ईस्ट प्लांट बस्ती में सोमवार देर रात हिंसक झड़प की घटना सामने आई. पुरानी रंजिश के कारण एक युवक पर चापड़ से हमला कर दिया गया, जिसमें टिंकू सिंह और उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति को गंभीर लेकिन स्थिर बताया है.
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से चापड़ बरामद कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी समय से चल रहा था, जिसके चलते यह हमला हुआ.
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

