
उदित वाणी, बोकारो : बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहाँ एक कलयुगी बेटे ने संपत्ति के लालच में अपने ही पिता पर प्राणघातक हमला कर दिया. आरोपी बेटे सोनू कुमार सिंह ने अपने पिता मुकेश्वर सिंह के सिर पर बैसाखी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
आरा से लौटते ही शुरू हुआ विवाद:
जानकारी के अनुसार, मुकेश्वर सिंह अपने पैतृक गांव आरा से लौटकर बोकारो स्थित अपने घर पहुंचे ही थे कि उनके बेटे ने उन पर हमला बोल दिया. इससे पहले आरोपी सोनू ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर अपनी माँ के साथ भी बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गई थीं.
विवाद का मुख्य कारण: 3 डिसमिल जमीन:
इस खूनी संघर्ष के पीछे की वजह फोरलेन किनारे स्थित 3 डिसमिल जमीन का विवाद बताया जा रहा है. पिता मुकेश्वर सिंह ने इस जमीन का कुछ हिस्सा अपनी बेटी के नाम कर दिया था. अपनी बहन को जमीन का हिस्सा दिए जाने से नाराज होकर बेटा लगातार अपने माता-पिता के साथ हिंसक व्यवहार कर रहा था.
अस्पताल में भर्ती और पुलिसिया कार्रवाई:
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पिता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनके सिर पर कई टांके लगाने पड़े. मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी बेटे सोनू कुमार सिंह तथा उसके साले को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

