उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह बाजार लाइन क्षेत्र में युवक का शव मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है. मृतक की पहचान सलमान (35) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अकेले रह रहा था. घटना उस समय सामने आई जब उसके कमरे से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा, जहां उसका शव पड़ा मिला.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. हालांकि, जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई. मृतक के परिजनों ने भी किसी पर कोई आरोप या संदेह नहीं जताया है. साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया.
पुलिस ने विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए परिजनों के अनुरोध पर शव को बिना पोस्टमार्टम दफनाने की अनुमति दे दी. इस दौरान स्थानीय पड़ोसियों से भी लिखित सहमति ली गई और उनके हस्ताक्षर कराए गए, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी जटिलता न हो.
पुलिस के अनुसार, सलमान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी और वह काफी समय से एकांत जीवन जी रहा था. स्थानीय लोगों ने भी बताया कि उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था.
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले का रिकॉर्ड सुरक्षित रखते हुए इसे सामान्य मानकर आगे की कार्रवाई पूरी कर ली है, हालांकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर जांच की गुंजाइश बनी रहेगी.


