उदित वाणी, पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र के भूला गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. ईंट भट्ठा मालिक द्वारा मजदूरों के नहाने के लिए बनाए गए सीमेंटेड चबूतरे वाले तालाब में नहाने के दौरान 48 वर्षीय रवि सिंह की डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि रवि सिंह मिर्गी बीमारी से पीड़ित थे. आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान उन्हें दौरा पड़ा, जिससे वे पानी में डूब गए. घटना की जानकारी उस समय हुई जब शाम को काम खत्म करने के बाद अन्य मजदूर नहाने के लिए तालाब पहुंचे और उन्हें पानी में डूबा हुआ पाया.
घटना की सूचना तत्काल बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पिता कालीपद सिंह ने पुलिस को बताया कि रवि सिंह को लंबे समय से मिर्गी की बीमारी थी और उन्हें समय-समय पर दौरे पड़ते थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


