
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. गुरुवार शाम एनएच-18 पर स्थित ‘ओम स्टोर’ के पास एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अज्ञात वाहन ने पैदल सड़क पार कर रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में राजलाबांध निवासी चंदन माईती (28) की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंदन किसी काम से घर से निकले थे. वे जैसे ही सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सड़क पर गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन रहता है, जिस कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखा है. रात होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार सुबह घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल भेजा जाएगा. पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी. साथ ही, फरार वाहन चालक की तलाश भी जारी है.
इधर, चंदन की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव राजलाबांध पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि चंदन मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के थे. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि एनएच-18 पर गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके.

