
उदित वाणी, बहरागोड़ा/बरसोल : बरसोल थाना क्षेत्र के खंडामौदा चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा पेश आया. कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को कुचल दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक सहित चार लोग घायल हुए हैं.
हादसे में माटिहाना के साबिर अहमद की मौत
मृतक की पहचान माटिहाना निवासी साबिर अहमद (60 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, साबिर अहमद खंडामौदा से अपने गांव माटिहाना लौटने के लिए चौक पर मोटरसाइकिल के साथ खड़े थे. इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर से टकराने के बाद उन्हें रौंदते हुए करीब 100 मीटर आगे निकल गया और खंडामौदा निवासी स्वर्गीय मुकुंद बारीक के घर के सामने टिन के शेड से जा टकराया.
बाल-बाल बचे कई लोग, घर को भी हुआ नुकसान
ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह शेड से टकराकर ही रुका. घटनास्थल पर मिट्टी भरी होने के कारण ट्रेलर के पहिए धंस गए, जिससे घर को बड़ा नुकसान होने से बच गया. चौक पर खड़ी कृष्णेन्दु पाल की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई है, हालांकि कृष्णेन्दु ने भागकर अपनी जान बचा ली.
गंभीर घायलों को बारीपदा रेफर किया गया
दुर्घटना में घायल हुए लोगों में ट्रेलर चालक किताबुद्दीन अंसारी (46 वर्ष) (निवासी गढ़वा) और खंडामौदा निवासी सुदर्शन महतो (60 वर्ष) की हालत गंभीर है. उन्हें बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया गया है. वहीं, गीता नायक (32 वर्ष) और अश्विनी कुमार (43 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
प्रशासन के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-49 को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि खंडामौदा चौक पर न तो ओवरब्रिज है और न ही अंडरपास, जिसके कारण यहाँ लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. 1 अप्रैल को भी इसी स्थान पर टेंपो चालक हाराधन पैकीरा की मौत हो गई थी.
बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा और बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों को समझाया. करीब एक घंटे के जाम के बाद अधिकारियों द्वारा मांगों को उच्च स्तर तक पहुँचाने के आश्वासन पर जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

