
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में रंगदारी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पीड़ित जोगेंद्र रजक की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी यश कुमार शर्मा को हिरासत में ले लिया है. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकद रकम बरामद होने से पुलिस को कई चोरी की वारदातों से उसका कनेक्शन होने का शक है.
जोगेंद्र रजक के अनुसार, वह अपने नए घर का निर्माण कार्य करा रहे थे. पिछले दो-तीन हफ्तों से आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहा था. घटना के दिन यश अपने साथियों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचा और रंगदारी की मांग करते हुए जबरन सेंटरिंग तोड़ दी. विरोध करने पर उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, गाली-गलौज की और घर में आग लगाने की धमकी तक दे डाली. पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी दो बार इस तरह की हरकत कर चुका था.
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय युवा नेता अभिषेक ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके घर जाकर भी हंगामा किया. इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे.
तलाशी के दौरान आरोपी की स्कूटी की डिक्की से तौलियों में लिपटे जेवर और करीब 1.5 लाख रुपये नकद मिले. पुलिस को संदेह है कि वह घाघीडीह की हालिया चोरी में भी शामिल हो सकता है. फिलहाल पूछताछ जारी है.

