
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती में घरेलू विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया. यहां एक व्यक्ति ने शराब पीने से रोकने पर अपनी पत्नी पर बीयर की टूटी बोतल से हमला कर दिया. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
जानकारी के मुताबिक, 24 मार्च की रात करीब 11 बजे आरोपी के श्याम अपने घर में शराब का सेवन कर रहा था. इसी दौरान उसकी पत्नी साईना परवीन ने इसका विरोध किया. पत्नी का विरोध आरोपी को इतना नागवार गुजरा कि वह गुस्से में आपा खो बैठा और बीयर की बोतल तोड़कर उस पर हमला कर दिया.
हमले के बाद महिला डरी-सहमी रही, लेकिन चार दिनों बाद हिम्मत जुटाकर बागबेड़ा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और देर रात छापेमारी कर आरोपी के श्याम को गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. यह घटना घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों पर एक बार फिर चिंता खड़ी करती है.

