
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र में एटीएम धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. लंका टोला निवासी हरे राम प्रसाद गोपाला स्थित एसबीआई एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे. लेन-देन के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. इसी बीच पीछे खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाते हुए एटीएम मशीन पर लिखे एक नंबर पर कॉल करने की सलाह दी.
बताया जाता है कि हरे राम प्रसाद ने मशीन पर प्रदर्शित नंबर (+917461985323) पर कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताकर उन्हें झांसे में लिया और समस्या समाधान के नाम पर पिन नंबर साझा करने को कहा. बातचीत के दौरान पास खड़े संदिग्ध व्यक्ति ने पिन देख लिया. कुछ देर बाद कार्ड गायब हो गया. इसके पश्चात 36,500 रुपये की निकासी कर ली गई. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की सलाह पर पिन या गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें.

