उदित वाणी, जमशेदपुर: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के खेडूआ पंचायत अंतर्गत दूधकुंडी गांव में बुधवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई। आधी रात को अचानक गांव में घुसे हाथियों ने किसानों की महीनों की मेहनत को पलभर में बर्बाद कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड खेतों में घुस गया और करीब एक एकड़ में लगी गरमा धान की फसल को खाकर एवं रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। फसल कटाई के लिए तैयार थी, ऐसे में यह नुकसान किसानों के लिए अत्यंत गंभीर साबित हुआ है। इस घटना से प्रभावित किसानों में अनिमेष साहू, नीलेश साहू, रमेश साहू, प्रबीर जेना, सपन साहू सहित कई अन्य शामिल हैं। किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन एक ही रात में उनकी पूरी फसल उजड़ गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड लगातार आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है और खेतों को नुकसान पहुंचा रहा है। इसके बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर हाथियों के आतंक से राहत दिलाने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Advertisement
<


