
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और सामाजिक अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा बिरसानगर मंडल ने चिंता जताते हुए थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा. मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में क्षेत्र में नशाखोरी, अवैध कारोबार, चोरी, डकैती और असामाजिक तत्वों की बढ़ती सक्रियता पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है. भाजपा नेताओं ने कहा कि बिरसानगर के विभिन्न जोनों में सरकारी जमीन, नालों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे न केवल आम लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत संरचना भी प्रभावित हो रही है.

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बिरसानगर के लगभग हर जोन में अवैध रूप से लोहा टाल संचालित किए जा रहे हैं, जिन पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है. इससे क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. भाजपा मंडल ने यह भी उल्लेख किया कि पूजा-पर्व और मेलों के नाम पर घनी आबादी वाले इलाकों में मुर्गा-पाड़ा, जुआ और हब्बा-डब्बा जैसे अवैध खेलों का आयोजन खुलेआम किया जा रहा है. इन गतिविधियों से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं में नशे और अपराध की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ता जा रहा है.
भाजपा नेताओं का कहना है कि इन तमाम समस्याओं के कारण बिरसानगर की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है. लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ रहे हैं. मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने थाना प्रभारी से आग्रह किया कि उपरोक्त सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र को अपराध और अव्यवस्था से मुक्त किया जा सके. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं. भाजपा मंडल ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन प्रभावी कार्रवाई कर बिरसानगर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बहाल करेगा.

