
उदित वाणी, जमशेदपुर : मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट पर हिंदू उत्सव समिति एवं उम्मीद एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय “दोमुहानी संगम महोत्सव-2026” भव्य रूप से संपन्न हुआ. एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया. बनारस-हरिद्वार की तर्ज पर मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती मुख्य आकर्षण रही.
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से शुरू हुआ. मेहंदी प्रतियोगिता में 125 और चित्रकला में 150 बच्चों ने भाग लिया, जिसने स्थल को रंगीन बना दिया.

भजन संध्या ने बांधा समां
प्रतियोगिताओं के बाद भजन गायक सोनू दुलरूवा व देवेंद्र पांडेय की टीम ने सुरीली भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. भजनों की धुन से संगम क्षेत्र भक्तिमय हो गया.
मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती से समापन
संध्या में हजारों श्रद्धालुओं के बीच मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती हुई. दीपों की रौशनी, जयकारों और श्रद्धा ने स्थल को अलौकिक बना दिया. 51,000 दीपकों की दीपमाला ने आध्यात्मिक सौंदर्य बिखेरा.
आयोजन में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, संरक्षक शिवशंकर सिंह, शंकर रेड्डी; उम्मीद एक अभियान के अध्यक्ष सुखदेव सिंह, अमरनाथ सिंह, हेमंत सिंह, अविषेक जी, झरना देवी शशि दीदी, संतोषी साहू, पूजा व दुर्गा देवी की सक्रिय भूमिका रही.

