
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीताराम डेरा थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग लड़का तेजवीराज उर्फ बिट्टू रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल व्याप्त है. बच्चे के पिता अनिल सिंह, जो होम पाइप, इंदिरा नगर के निवासी हैं, ने इस संबंध में सीताराम डेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
अनिल सिंह का कहना है कि उनके बेटे को उसके ही कुछ दोस्तों ने बहला-फुसलाकर अपने पास छुपा लिया है या फिर उसका अपहरण कर लिया गया है. जिन युवकों पर संदेह जताया गया है, उनके नाम रोहन उर्फ बौना, विवेक और अनस बताए गए हैं. परिजनों के अनुसार, इससे पहले भी यही लोग तेजवीराज को अपने साथ ले जा चुके हैं. उस दौरान बच्चे से उसके दादाजी राजेंद्र सिंह के बैंक खाते से पैसे भी निकलवाए गए थे. तब वह करीब एक दिन तक घर नहीं लौटा था और बाद में किसी तरह वापस आया था.
अनिल सिंह ने बताया कि उन्होंने 9 जनवरी को थाना में शिकायत दी थी. पुलिस ने संदिग्ध युवकों से पूछताछ की, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. इसके बाद से तेजवीराज पूरी तरह लापता है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
परिजन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन कहीं से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है. पिता को आशंका है कि उनका बेटा अभी भी उन्हीं लोगों के पास है और उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है.
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए बच्चे की जल्द बरामदगी की मांग की है. आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत 8210144508 पर संपर्क करें. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तलाश तेज कर दी गई है.

