
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक सोमवार को जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में झारखंड सरकार द्वारा नगर निगम और नगर परिषद चुनावों को लंबे समय से टालकर रखे जाने पर तीखी नाराज़गी जताई गई. भाजपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक प्रणाली को कमजोर करने की सोची-समझी कोशिश करार दिया.
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम और नगर परिषद चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा ईवीएम से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा आम जनता के साथ मिलकर 7 जनवरी, बुधवार को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगी. इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई.

सरकार जनाक्रोश से डरी हुई है : अभय सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए कोल्हान टोली के सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार जनता के गुस्से और अपनी विफल नीतियों से भयभीत होकर नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है. उन्होंने कहा कि जो सरकार बहुमत का दावा करती है, वही जनता की अदालत में जाने से बच रही है. अभय सिंह ने कहा कि दलीय आधार और ईवीएम से चुनाव ही लोकतांत्रिक पारदर्शिता का प्रतीक है, लेकिन सरकार इस मूल सिद्धांत को कुचलना चाहती है.
चुनाव टालना लोकतंत्र का अपमान : सुधांशु ओझा
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को लगातार टालना लोकतंत्र का सीधा अपमान है. सरकार जनता के अधिकारों और जवाबदेही से डर रही है, इसलिए चुनाव कराने से बच रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा 2018 की तर्ज पर दलीय आधार पर पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी.
चीनी नीति नहीं, जननीति चाहिए : शैलेन्द्र सिंह
भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि जब तक सरकार चुनाव की तिथि और ईवीएम से चुनाव कराने की घोषणा नहीं करती, पार्टी का आंदोलन और तेज होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा जनमत से भागने नहीं देगी.

जनता के हक की लड़ाई में भाजपा सड़क पर : अनिल मोदी
जिला महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि भाजपा 7 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष आम जनता के साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन करेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि जुगसलाई की जनता भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संघर्ष में शामिल होगी.
बैठक का संचालन जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन ने किया और धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री सुनील शर्मा ने दिया. बैठक में जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, पूर्व चेयरमैन मुरलीधर केडिया, जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, कृष्णा शर्मा ‘काली’, अमित मिश्रा, अश्वनी तिवारी, प्रकाश जोशी, नागेंद्र पांडेय, उपेंद्र चतरथ, सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
मानगो नगर निगम कार्यालय पर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन
इधर, मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में मंगलवार सुबह 11 बजे नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इससे पहले भाजपा कार्यकर्ता गांधी मैदान में एकत्रित होकर जुलूस के रूप में निगम कार्यालय पहुंचेंगे.
इस दौरान नगर निगम चुनाव से संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा. महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतंत्र की रक्षा और पारदर्शी चुनाव की मांग को लेकर इस आंदोलन में शामिल हों.

