
उदित वाणी, पोटका : झारखंड विधानसभा में पोटका विधायक संजीव सरदार द्वारा भूमिज जनजाति समुदाय से जुड़े अत्यंत संवेदनशील मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाए जाने के बाद भूमिज समाज ने उनका अभिनंदन किया है. विधायक संजीव सरदार ने सदन में मांग रखी थी कि आगामी 10वीं JTET, JPSC और JSSC की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में भूमिज भाषा को पुनः शामिल किया जाए, ताकि भूमिज भाषी छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं से वंचित न रह जाएं.
सदन में यह मुद्दा मजबूती से रखने के बाद भूमिज समाज का एक प्रतिनिधिमंडल तुरामडीह स्थित विधायक कार्यालय पहुंचा और विधायक संजीव सरदार का धन्यवाद एवं सम्मान किया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संजीव सरदार सदैव समाज की आवाज बने रहे हैं और उन्होंने भूमिज समुदाय के इस ज्वलंत मुद्दे को गंभीरता से उठाकर पूरे समाज का मान बढ़ाया है.
प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में कहा कि आने वाले समय में भी पूरा भूमिज समाज विधायक संजीव सरदार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा, ताकि भूमिज भाषा, संस्कृति एवं समुदाय के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके. इस अवसर पर बलराम सिंह सरदार, हिमांशु सिंह सरदार, मानसिंह सरदार, नकुल सिंह सरदार और फूलचंद सरदार प्रमुख रूप से उपस्थित थे.

