
जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नीलडूंगरी मेन रोड पर चोरों ने बीती रात हौसला दिखाते हुए एक के बाद एक पांच दुकानों को निशाना बनाया. चोरों ने ताले तोड़कर हजारों रुपये नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया, जिससे इलाके में पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं.
देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुई इस चोरी में सबसे पहले मोहन श्रीवास्तव की राशन दुकान को लूटा गया, जहां से करीब तीन हजार रुपये नकद और सामान चोरी हो गया. ठाकुर टुडू की राशन दुकान से भी लगभग चार हजार रुपये और सामान पर हाथ साफ किया गया.
चोरों ने लेडीज़ टेलर तथा स्टेशनरी दुकानों के शटर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मेन शटर का ताला न टूट पाने से यहां चोरी नहीं हो सकी. दुकानदारों ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला, गनीमत रही कि बड़ा नुकसान टल गया.
दुकानदारों का आरोप है कि रात में इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग का अभाव होने से चोर बेखौफ होकर मेन रोड पर वारदात को अंजाम दे गए. उन्होंने कहा कि यदि गश्त होती तो ऐसी घटना न होती. फिलहाल पीड़ितों ने सुंदरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. अब पुलिस पर नजर है कि वह शीघ्र चोरों को पकड़कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाएगी या नहीं.

