
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती पर आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर को लेकर भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कुमार ने शुक्रवार को पोस्टर विमोचन किया. इस अवसर पर उन्होंने जमशेदपुरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में भाग लेकर इस पुण्य कार्य को सफल बनाएं.
पोस्टर जारी करते हुए दिनेश कुमार ने कहा कि अटल जी ने जीवनभर मानवता और सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया. उनके संकल्पों से प्रेरित होकर उनकी जयंती पर रक्तदान करना एक विशेष संकल्प है. उन्होंने कहा कि रक्त की हर बूंद किसी ज़रूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकती है. उन्होंने जमशेदपुरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें.
उन्होंने बताया कि आपके द्वारा दिया गया रक्त पूरे वर्ष भर जरूरतमंदों को रक्त की सेवा पहुंचाने में मदद करता है. मालूम हो कि बीते 22 वर्षों से निरंतर 25 दिसंबर को यह आयोजन दिनेश कुमार और भाजपा गोलमुरी मंडल द्वारा किया जा रहा है.
यह रक्तदान शिविर 25 दिसंबर 2025 को केबुल वेलफेयर क्लब, गोलमुरी में आयोजित होगा, जिसमें रक्तदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा. दिनेश कुमार ने कहा कि किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाना अटल जी के सेवा-संकल्पों का सच्चा पालन है. कार्यक्रम में युवाओं और समाजसेवियों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है. शिविर शहर में एक सकारात्मक सामाजिक पहल बनने जा रहा है.
पोस्टर विमोचन के दौरान दिनेश कुमार के साथ अमरजीत सिंह राजा, प्रोबीर चटर्जी राणा, अशोक सामंता, बंटी अग्रवाल, आर. राकेश राव और लक्ष्मण बेहरा भी मौजूद रहे.

