
उदित वाणी, जमशेदपुर. सोनारी के परदेसी पाड़ा में टाटा लीज एरिया में जारी मस्जिद निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। सोमवार को स्थानीय लोगों की एक बैठक हुई, जिसमें इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इससे पहले 2 दिसंबर को भी इसी मुद्दे पर बातचीत हुई थी। बैठक में लोगों ने खुशी व्यक्त की कि टाटा लैंड डिपार्टमेंट और प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने बताया कि बैठक में मस्जिद निर्माण के साथ-साथ धर्मांतरण एवं सोनारी क्षेत्र में एक समुदाय की जनसंख्या में हाल में हुई तेज बढ़ोतरी का मुद्दा भी सामने आया।
स्थानीय निवासियों का कहना था कि क्षेत्र में एक समुदाय की आबादी में अचानक हुई वृद्धि सामान्य नहीं है और इसकी गहन जांच की आवश्यकता है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पूरे मामले पर तथ्यों को इकट्ठा किया जाएगा और उसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।
बैठक में अरुण तिवारी, विनोद प्रसाद, विजय प्रसाद, बलराम ठाकुर, नरेश प्रसाद सिंह, मोहन राव, अशोक जायसवाल सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

