
उदित वाणी, जमशेदपुर : आद्रा मंडल में चल रहे महत्वपूर्ण विकास एवं मेंटेनेंस कार्यों के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने 01 से 07 दिसंबर के बीच विभिन्न तिथियों में कई ट्रेनों के परिचालन में परिवर्तन किया है. इस अवधि में कुल छह ट्रेनों को रद किया गया है, जबकि छह ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेशन एवं शॉर्ट ओरिजिनेशन के साथ चलाया जाएगा. रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का सीधा असर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों पर पड़ेगा. अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा करने से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.
इन तिथियों में रद रहेंगी ट्रेनें
विकास कार्यों के मद्देनज़र आद्रा मंडल में कई मेमू ट्रेनों का परिचालन स्थगित रहेगा.
02 और 07 दिसंबर को ट्रेन संख्या 68046/68045 आसनसोल–आद्रा–आसनसोल मेमू रद रहेगी.
07 दिसंबर को ट्रेन संख्या 68053/68054 आद्रा–बाराभूम–आद्रा मेमू पैसेंजर का परिचालन रद रहेगा.
07 दिसंबर को ट्रेन संख्या 63594/63593 आसनसोल–पुरूलिया–आसनसोल मेमू पैसेंजर भी नहीं चलेगी.
इन ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन
यात्रियों की आंशिक सुविधा के लिए रेलवे ने छह ट्रेनों को सीमित दूरी तक चलाने का निर्णय लिया है—
झाड़ग्राम–धनबाद एक्सप्रेस (18019/18020): 01 और 05 दिसंबर को यह ट्रेन बोकारो स्टील सिटी तक ही जाएगी.
बर्धमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस (13503/13504): 01 से 06 दिसंबर के बीच यह ट्रेन केवल गोमो स्टेशन तक चलेगी.
टाटानगर–आसनसोल मेमू/बराभूम मेमू (68056/68060): 02 दिसंबर को इसका परिचालन आद्रा स्टेशन तक सीमित रहेगा.
एक ट्रेन का मार्ग परिवर्तित
रेलवे ने जानकारी दी है कि 03 दिसंबर को टाटानगर से रवाना होने वाली 18601 टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस को चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी होते हुए हटिया तक संचालित किया जाएगा.
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि विकास कार्यों के कारण ट्रेन परिचालन में अस्थायी बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आधुनिक रेल सेवाएं मिल सकें. यात्रियों से अनुरोध है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन पर ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें.

