
उदित वाणी, जमशेदपुर : राजेंद्र नगर साकची के निवासी व्यवसायी शंकर लाल अग्रवाल ने पटना स्थित कैंपर कास्ट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मोहित गुप्ता व अन्य के खिलाफ 1 करोड़ 9 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए साकची पुलिस थाना में मामला दर्ज कराया है. अग्रवाल ने बताया कि वे राजमाता डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं और स्टील तथा कोयले का व्यापार करते हैं.
उन्होंने कहा कि सितंबर 2020 से दिसंबर 2021 तक कैंपर कास्ट लिमिटेड को स्पंज आयरन की आपूर्ति करते रहे, पर बाद में भुगतान रुका और बकाया राशि 61 लाख से अधिक हो गई. कमीशन एजेंट सुनील कुमार के द्वारा भी कई बार बकाया भुगतान पर बात हुई, लेकिन आरोपियों ने भुगतान टालते रहे. 10 जून 2024 को कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, केवल धमकियों का सामना करना पड़ा.
श्री अग्रवाल ने कहा कि आरोपितों ने उनके द्वारा आपूर्ति किए गए स्पंज आयरन को स्टील में बदलकर बाजार में मुनाफा कमाया, लेकिन उन्हें बकाया एक करोड़ नौ लाख रुपए तक का भुगतान नहीं किया. भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकियां मिलीं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक साजिश के तहत हुआ है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
