
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया प्रखंड के बड़ाकांकड़ा पंचायत अंतर्गत नीलमोहनपुर गांव में बुधवार सुबह एक महिला के साथ मारपीट और संपत्ति क्षति का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी और आंगनबाड़ी रसोइया सुमन बानसिंह के साथ गांव की कुछ महिलाओं ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर की चारदीवारी तोड़ दी और परिसर में लगे पेड़-पौधों को भी काट दिया.
पीड़िता सुमन बानसिंह ने बताया कि घटना के समय वह घर की सफाई कर रही थीं, तभी गांव की तीन महिलाएं घर पहुंचीं और बाउंड्री तोड़ने लगीं. विरोध करने पर उन्होंने बाल खींचकर मुंह बंद कर दिया और मिलकर पिटाई की. मारपीट के दौरान महिला बेहोश हो गईं. होश आने पर उन्होंने डायल 100 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी.
सूचना मिलते ही कोलाबीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है.
