
उदित वाणी, चांडिल : एनएच-33 पर चिलगु मोड़ के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, नीमडीह प्रखंड के फाड़ेंगा निवासी निताई मंडल बाइक से चांडिल से टाटा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बाबा तिलका मांझी चौक के पास बने अवैध स्पीड ब्रेकर के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
दुर्घटना में निताई मंडल के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं. घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी. चांडिल थाना पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, एनएचआई के निर्धारित मानकों के विपरीत बनाए गए इस अवैध स्पीड ब्रेकर ने दुर्घटनाओं का रूप ले लिया है. हाल के दिनों में इसी स्थान पर एक बाइक सवार का पैर टूट गया था, जबकि दो दिन पहले दो कारें आपस में टकरा गई थीं.
लगातार बढ़ते हादसों पर चांडिल एसडीओ विकास कुमार राय ने कहा कि स्पीड ब्रेकर के समीप सड़क की खराब स्थिति भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द सुधार की कार्रवाई की जाएगी, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

