
उदित वाणी, जमशेदपुर : सालगाझुड़ी रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद किए जाने के विरोध में संयुक्त ग्राम समन्वय समिति, जमशेदपुर का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य संयोजक राम सिंह मुंडा के नेतृत्व में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में समिति ने मांग की कि सालगाझुड़ी स्टेशन पर पूर्व की भांति सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव शीघ्र बहाल किया जाए. इसके अलावा स्टेशन के पास निर्माणाधीन अंडर ब्रिज को जल्द पूरा कर आवागमन के लिए खोला जाए, टिकट बुकिंग काउंटर व प्लेटफार्म का निर्माण शुरू हो, यात्रियों के लिए विश्राम शेड की व्यवस्था की जाए तथा गोविंदपुर स्टेशन तक पहुंच मार्ग सहित बारीगोड़ा फाटक के पास ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र कराया जाए.

प्रतिनिधिमंडल से मिलने डीआरएम हुरिया स्वयं कार्यालय से बाहर आए. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर सुरक्षा कारणों से ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से रोका गया है और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होते ही ठहराव पुनः बहाल किया जाएगा.
गौरतलब है कि सालगाझुड़ी स्टेशन का उद्घाटन 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया गया था. तब से यह स्टेशन क्षेत्र के हजारों मजदूरों, सब्जी विक्रेताओं और आम यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहा है. लेकिन अचानक ठहराव बंद किए जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

डीआरएम से वार्ता के बाद समिति ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मिला आश्वासन संतोषजनक नहीं है और स्टेशन की उपेक्षा करना प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित परियोजना का अपमान है. समिति ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों में ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो धरना, प्रदर्शन और सांसद तक मामला उठाने समेत आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा.
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से राम सिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, दुबराज नाग, पूर्व मुखिया प्रकाश सांडील, तुलसी महतो, रुद्र मुंडा, अधिवक्ता कन्हैया पांडे, पी.के. करुआ, संजय सिंह, गौतम सामंता, रामलाल मुंडा, विजय मेलगानडी सहित कई ग्रामवासी उपस्थित थे.

