
उदित वाणी, गुवा : नोवामुंडी प्रखंड के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिरीबुरु पंचायत के लिपुंगा गांव में सोमवार देर रात एक वृद्ध दंपति की टांगी से गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान 72 वर्षीय सर्गिया बालमुचू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू के रूप में की गई है. इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय का माहौल है.
मंगलवार सुबह एक ग्रामीण जब खेत की ओर जा रहा था, तो उसने दंपति को घर के आंगन में खटिया पर लेटा देखा. लौटने पर आवाज देने पर भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने चादर हटाई, जहां दोनों खून से सने मृत अवस्था में मिले. यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए.
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हत्या डायन-बिसाही के शक को लेकर की गई हो सकती है. उधर, सूचना मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतिश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक सर्गिया बालमुचू का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. बताया गया है कि रविवार को इसी विवाद को लेकर पंचायत बैठक हुई थी, जिसमें दंपति पर पेनल्टी लगाई गई थी. संदेह है कि पेनल्टी नहीं देने को लेकर ही दोनों की हत्या की गई.
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टांगी से गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग भयभीत हैं.

