
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस को क्षेत्र के यात्रियों एवं कॉरपोरेट समुदाय से प्राप्त महत्वपूर्ण फीडबैक एवं आवश्यकताओं के आधार पर एक औपचारिक पत्र सौंपा गया. चैंबर ने बताया कि उड़ानों की संख्या एवं सुविधा बढ़ने से पूरे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और उद्योग को व्यापक लाभ मिलेगा. इस संदर्भ में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि रांची से हवाई संपर्क बढ़ाना केवल यात्रियों की सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह झारखंड के आर्थिक विकास और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है. इंडिगो जैसी अग्रणी एयरलाइन से हमें पूर्ण आशा है कि वह क्षेत्रीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देगी.
मुख्य मांगें
1. रांची–जयपुर सीधी उड़ान या दिल्ली में तकनीकी स्टॉपेज वाली उड़ान को पुनः शुरू करने का अनुरोध.
2. रांची–गोवा के लिए सीधी उड़ान एवं रिटर्न सेक्टर की शुरूआत, क्योंकि उत्तर व दक्षिण गोवा हेतु यात्रा मांग तेजी से बढ़ रही है.
3. रांची–श्रीनगर उड़ान को तकनीकी ले–ओवर के साथ पुनः शुरू करने की मांग, जिसे पहले यात्रियों द्वारा काफी सराहा गया था.
4. रांची–मुंबई सेक्टर में उड़ानों की आवृत्ति बढ़ाने का अनुरोध, क्योंकि व्यावसायिक यात्रा की मांग निरंतर बढ़ रही है.
5. एसएमई किरायों में मुफ्त सीट चयन एवं भोजन सुविधा को पूर्व की भांति पुनः शामिल करने का आग्रह, जिससे छोटे एवं मध्यम व्यवसायों को विशेष लाभ मिलेगा.

