
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में कई कांडों में वांछित दो अपराधियों— राजा बनर्जी और बादल मोहंती—को चोरी के दो मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
घटना 14 नवंबर की रात की है, जब एक कंटेनर चालक चंद्रकांत कुमार रिव्वाह होटल के सामने अपना कंटेनर खड़ा कर खाना खा रहा था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने कंटेनर का शीशा तोड़कर भीतर से मोबाइल फोन चोरी कर लिया. चालक की शिकायत पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कम से कम 24 घंटे के भीतर चोरी का उद्भेदन करते हुए दोनों अपराधियों को पकड़ लिया.
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया. जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि राजा बनर्जी जमशेदपुर के कई थानों में दर्ज चोरी, लूट और छिनतई के मामलों में छह बार जेल जा चुका है, वहीं बादल मोहंती दो बार जेल की हवा खा चुका है. पुलिस सत्यापन में यह भी सामने आया कि उनके पास से बरामद मोटरसाइकिल बिरसानगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी. एमजीएम थाना पुलिस की यह कार्रवाई हाल के दिनों में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी लगाम लगाने के रूप में देखी जा रही है.

