उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र में 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है. मामला वर्ष 2023 का है, जब जवाहर नगर रोड नंबर-8 निवासी नावेद खान ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-21, ज़ाकिर नगर निवासी खुर्शीद इकराम पर ट्रेडिंग के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित के अनुसार आरोपी ने मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर निवेश करवाया, लेकिन बाद में पैसा न तो वापस किया और न ही किसी तरह का लाभ दिया.
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें ठगी की पुष्टि होने पर आरोपी के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया गया. बावजूद इसके खुर्शीद इकराम पुलिस कार्रवाई से बचते हुए लगातार फरार बना हुआ है. नोटिस जारी किए जाने और कई बार घर पर छापेमारी करने के बावजूद आरोपी ने न तो पुलिस के सामने हाज़िर दिया और न ही जांच में सहयोग किया.
कोर्ट के आदेश पर मानगो पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी के ज़ाकिर नगर स्थित घर के बाहर इश्तिहार चस्पा किया. इसमें आरोपी को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तय समय में उपस्थित न होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत संपत्ति जब्ती जैसी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
मानगो थाना पुलिस ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाने और आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है.


