
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल की आरपीएफ उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार सुबह टाटानगर स्टेशन पर गश्त के दौरान एक मोबाइल चोर को धर दबोचा. टीम ने उसके पास से चोरी की हुई एक मोबाइल फोन भी बरामद की है. पकड़े गए युवक की पहचान टेल्को थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी राहुल कुमार सिन्हा के रूप में हुई है. कार्रवाई के बाद आरोपी को आगे की विधि-व्यवस्था के लिए रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह उड़नदस्ता टीम प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षा जांच और गश्त में जुटी हुई थी. इसी दौरान टीम को एक यात्री ने मोबाइल चोरी होने की सूचना दी. शिकायत मिलते ही आरपीएफ ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर संदिग्धों की तलाशी अभियान तेज किया. अभियान के दौरान एक युवक की गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर टीम ने उसे रोका और पूछताछ की. तलाशी लेने पर उसके पास से नोकिया कंपनी का चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद हो गया.
आरपीएफ के जवान युवक को हिरासत में लेकर टीम कार्यालय पहुँचे, जहाँ प्रारंभिक पूछताछ में उसने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद आरोपी को रेल थाना टाटानगर को सुपुर्द कर दिया गया. थाना पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व मामलों से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जाँच कर रही है.
रेल प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के मौसम और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. आरपीएफ उड़नदस्ता टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके.
आरपीएफ की तत्पर कार्रवाई से यात्रियों में राहत की भावना और सुरक्षा पर भरोसा बढ़ा है. पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि स्टेशन परिसर पूरी तरह सुरक्षित बना रहे.

