
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर उप नगर आयुक्त पारुल सिंह के द्वारा आज पूर्व पार्षदों संग बैठक की गई. बैठक में उप नगर आयुक्त ने पूर्व पार्षदों से उनकी समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उल्लेखनीय है कि नगर निगम की कार्यशैली के विरुद्ध पूर्व पार्षदों द्वारा पिछले दिनों शुरू किए गए आमरण अनशन के बाद जिला उपायुक्त और उपनगर आयुक्त की पहल पर पूर्व पार्षदों ने सशर्त आमरण अनशन समाप्त किया था.
बैठक के दौरान रंजन सिंह, नीतू शर्मा, जूली महतो, विक्रम किस्कू, बरजोराम हांसदा, अभिजीत महतो सहित अन्य पूर्व पार्षदों ने अपने_अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की. उप नगर आयुक्त ने पूर्व पार्षदों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उप नगर आयुक्त ने घाटशिला विधान सभा क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद रुके हुए टेंडर को निकाला जाएगा और उसके बाद सारे विकास कार्य शुरू हो जाएंगे.
पूर्व पार्षदों ने उप नगर आयुक्त के आश्वासन पर आस्था जताते हुए कहा कि जिस तरह से उपनगर आयुक्त ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया. उससे उन्हें उम्मीद है कि उनकी जायज मांगे जरुर पूरी होगी. वहीं, पूर्व पार्षदों ने चेतावनी दिया कि अगर फिर से उन्हें धोखा दिया गया, तो वे दोबारा भूख हड़ताल अथवा आमरण अनशन पर बैठने के लिए बाध्य हो जाएंगे.

