
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर हमीद गांव के पास सोमवार सुबह लगभग 10 बजे एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय पुलिस ने एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां सभी का इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार, मानगो चेपापुल से महिला और पुरुष सहित चार यात्री ऑटो में सवार होकर चांडिल जा रहे थे. वहां से उन्हें बलरामपुर जाने के लिए दूसरा ऑटो लेना था. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही हाइवा (रेजि. नंबर अज्ञात) ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए.

घायलों में ऑटो चालक कपाली ताजनगर निवासी जलीम अंसारी, जरीन खातून, बगानसाई रोड नंबर-7 की आइसा परवीन, मंटू गोराई और बुधराम माझी शामिल हैं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी.
ग्रामीणों ने मौके पर ही हाइवा चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जाता है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था. चांडिल थाना पुलिस ने हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है और आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-33 पर तेज रफ्तार वाहनों की बढ़ती संख्या और पुलिस गश्ती की कमी बड़े हादसों की वजह बन रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में जल्द ट्रैफिक निगरानी को सख्त किया जाएगा.

