
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत स्थित जरुली रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार की रात एक बड़ी रेल दुर्घटना टलते-टलते रह गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन के लाइन नंबर-6 पर खड़ी इनबॉक्स मालगाड़ी का एक वैगन अचानक पटरी से उतर गया. घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि रेलवे तकनीकी विभाग की टीम जांच में जुट गई है.
जैसे ही दुर्घटना की सूचना कंट्रोल रूम तक पहुंची, डांगुवापोशी स्टेशन पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत हूटर बजाया गया. स्थानीय अधिकारियों और रेलवे कर्मियों को आपात स्थिति की जानकारी दी गई. इसके बाद डांगुवापोशी से रिलीफ ट्रेन को आवश्यक उपकरणों और टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया. मौके पर इंजीनियरिंग टीम वैगन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने के प्रयास में जुटी हुई है.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जानहानि नहीं हुई है और न ही किसी अन्य रेल परिचालन पर सीधा असर पड़ा है. हालांकि, यदि वैगन पूरी तरह पलट जाता या आस-पास खड़ी अन्य गाड़ियों से टकरा जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. एहतियात के तौर पर आसपास की लाइनों पर ट्रेन संचालन को धीमी गति से चलाने का निर्णय लिया गया है.
गौरतलब है कि दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में इससे पहले भी इस तरह की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनके बाद सुरक्षा मानकों को कड़े करने की बात कही गई थी. फिलहाल रेलवे प्रशासन इस घटना को गंभीरता से ले रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

