
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र से नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दो सदस्यों अल्ब्रेट लोमगा (19 वर्ष) और विकास लोमगा (20 वर्ष) को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है. दोनों नक्सली बंदगांव थाना क्षेत्र के सिंकल गांव के निवासी हैं. पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि 9 और 10 अक्टूबर की रात छोटानागरा थाना क्षेत्र में राखामाटी के पास पुलिया उड़ाने की घटना की जांच के दौरान ये दोनों नक्सली पकड़े गए हैं.
पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने नक्सली संगठनों से जुड़े लोगों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की और आत्मसमर्पण कर झारखंड सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने का सुझाव दिया.
यह गिरफ्तारी झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ और अन्य अर्द्धसैनिक बलों द्वारा सारंडा क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता है. पुलिस ने बताया कि नक्सली संगठन के कई सक्रिय सदस्य कोल्हान तथा सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के फिराक में हैं. इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बहाल करने की उम्मीद बढ़ी है.

