
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 18111/18112 टाटा–यशवंतपुर एक्सप्रेस में 9 अक्टूबर से पेंट्री कार सेवा प्रारंभ कर दी है. अब लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस ट्रेन में भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था मिलेगी.
इस संबंध में जानकारी देते हुए जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी, साउथ ईस्टर्न रेलवे, कोलकाता के सदस्य अरुण जोशी ने बताया कि यह सुविधा यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी. उन्होंने कहा कि पेंट्री कार की मांग पिछले कई वर्षों से उठाई जा रही थी, जिसे उन्होंने जेडआरयूसीसी की पिछली दो बैठकों में प्रमुखता से रखा था. इस पर रेलवे प्रशासन ने त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई करते हुए यात्रियों की यह पुरानी मांग पूरी की है.
श्री जोशी ने इस निर्णय के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि टाटा–यशवंतपुर एक्सप्रेस लंबी दूरी की ट्रेन है, जो टाटानगर से यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच चलती है. अब यात्रियों को यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता और पेयजल की सुविधा ट्रेन में ही उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
रेल यात्रियों ने भी रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पेंट्री कार सेवा से अब उनकी यात्रा और अधिक सुविधाजनक व आरामदायक होगी.

