
उदित वाणी, जमशेदपुर: जादूगोड़ा में घाटशिला उपचुनाव को लेकर पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में भारत सरकार की संस्थान यूसिल के परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में झारखंड, बंगाल और उड़ीसा के पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट और संवेदनशील बूथों पर निगरानी बढ़ाने, जनविरोधी गतिविधियों की सूचना का आदान-प्रदान करने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चर्चा की गई। इस दौरान कोल्हान आयुक्त, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, सीनियर एसपी, ग्रामीण एसपी, मयूरभंज के वरीय पुलिस अधिकारी और झारग्राम के एसपी आलोक कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। घाटशिला एसडीओ सुनील चंद्र और डीएसपी संदीप भक्त भी इस बैठक में शामिल हुए और उपचुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

