
उदित वाणी, गुवा : बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान में मां शेरावाली का विशाल जागरण धूमधाम से आयोजित किया गया. आयोजन का नेतृत्व उद्योगपति सह समाजसेवी संजय कुमार शारदा ने किया. लगातार हो रही बारिश के बावजूद मंडप के भीतर भव्य मंच सजाया गया, जहां रात 10 बजे मां की पूजा-अर्चना एवं 11 कन्याओं के पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.

दिल्ली से आए टी-सीरीज के प्रसिद्ध गायक एन. कृष्णमूर्ति, भक्ति सागर के भजन गायक सरदार बलबीर सिंह और जमशेदपुर की सुप्रसिद्ध गायिका पूजा झा ने एक से बढ़कर एक हिंदी एवं भोजपुरी भजनों की प्रस्तुति दी. उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा बड़ाजामदा क्षेत्र गूंज उठा.
वहीं, टाटानगर से पहुंचे सूरज प्रिया की झांकी टीम ने *राम चरित मानस* पर आधारित झांकियां प्रस्तुत कीं. राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भूमिकाओं से सजी इन झांकियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया.

सुबह पांच बजे तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही. इस दौरान उद्योगपति संजय कुमार शारदा ने श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया.
जागरण में चाईबासा, झिंकपानी, जगन्नाथपुर, किरीबुरू, बड़बिल, बोलानी, रांची, जमशेदपुर और गुवा सहित आसपास के कई स्थानों से लोग बड़ी संख्या में पहुंचे. कार्यक्रम को सफल बनाने में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी फुटबॉल मैदान, बड़ाजामदा के संरक्षक संजय शारदा, अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव संतोष प्रसाद, कोषाध्यक्ष सौरभ बॉस सहित समिति के अनेक सदस्य सक्रिय रहे.

