
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची, आमबागान स्थित भारत स्काउट एंड गाइड (Bharat Scouts and Guides) के जिला मुख्यालय में शनिवार को पांच दिवसीय तृतीय सोपान शिविर का शानदार समापन हुआ. इस अवसर पर स्काउट-गाइड परंपरा के अनुसार भव्य ‘कैंप फायर’ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
मुख्य अतिथि का पारंपरिक अभिनंदन
समारोह की मुख्य अतिथि, राज्य कर संयुक्त आयुक्त (जीएसटी) डॉ. अफसाना खानम ने कैंप फायर की अग्नि प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. जिला संगठन आयुक्त-सह-शिविर प्रधान नरेश कुमार और मुख्य प्रशिक्षिका परमजीत कौर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और स्काउट-गाइड का प्रतीक ‘स्कार्फ’ पहनाकर सम्मानित किया.
कौशल प्रदर्शन और आत्मनिर्भरता की सीख
मुख्य अतिथि ने बच्चों द्वारा बनाए गए टेंट, गैजेट, भोजन प्रबंधन और स्वच्छता पर आधारित हस्तकला का निरीक्षण किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के समय में स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण बच्चों को आत्मनिर्भर और सच्चा नागरिक बनाने के लिए अनिवार्य है. उन्होंने बच्चों के स्वावलंबन और समाज सेवा की भावना की जमकर सराहना की.
इन विद्यालयों के छात्रों ने लिया हिस्सा
इस तृतीय सोपान शिविर में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित स्कूलों के कुल 80 स्काउट-गाइड्स ने भाग लिया, जिनमें शामिल हैं:
डीएवी बिष्टुपुर
कार्मल जूनियर कॉलेज
सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल
डी.बी.एम.एस. जमशेदपुर
सेंट पीटर स्कूल, करनडीह
सफल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए.
शिविर की सफलता में इनका रहा योगदान
शिविर को सफल बनाने में नरेश कुमार, ब्रह्मजीत कौर, नीरज शुक्ला, एस. ममतेश्वरी, धीरज कुमार, मानस पात्रो, जिला कब्स आयुक्त श्याम शर्मा, देव व्रत विश्वास, कोषाध्यक्ष राजकुमार सिंह और ललन यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.

