
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी के न्यू केबुल टाउन स्थित सामुदायिक भवन मैदान में आगामी 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक भव्य ‘श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ’ का आयोजन होने जा रहा है. लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति द्वारा आयोजित इस नौ दिवसीय अनुष्ठान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में समिति ने इस धार्मिक उत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की.
धर्म और सद्कर्म से जीवन की सार्थकता: जय मंगला बाबा
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए परमश्रद्धेय गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि यज्ञ और पूजा-पाठ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. अब तक 128 यज्ञों का सफल संचालन कर चुके बाबा ने श्रद्धालुओं से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
भव्य कलश यात्रा और गंगाजल का महत्व
मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि 23 अप्रैल को ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा में हजारों महिलाएं सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र उत्तरवाहिनी गंगाजल से भरे कलश लेकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगी.
विद्वानों का आगमन और विशेष आकर्षण
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8:30 बजे तक भजन, कीर्तन और प्रवचन होंगे. प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपनी संगीतमय कथा से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे. बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री अपने 21 सदस्यीय दल के साथ पांच कुंडीय यज्ञशाला में वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे. आयोजन स्थल पर 108 देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.
महाभंडारा और समापन की रूपरेखा
समिति के बिट्टू तिवारी ने जानकारी दी कि पूरे क्षेत्र को केसरिया ध्वजों और विद्युत सज्जा से सजाया गया है. प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा. 1 मई को मुख्य यज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल महाभंडारा आयोजित किया जाएगा, जबकि 2 मई को रामार्चा पूजा एवं प्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान का समापन होगा.
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से श्री श्री 108 जयमंगला बाबा, अनिल ठाकुर, बिट्टू तिवारी, सत्येंद्र सिंह, योगी चौधरी, हरेराम यादव, प्रेम झा, अनिल सिंह, राजेश सिंह और लालबाबू यादव सहित कई सदस्य उपस्थित थे.

