
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंडल बस्ती में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां रहने वाले जय सिंह (उम्र 34 वर्ष), जो पेशे से ऑटो चालक थे उन्होंने ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा बंद देखा तो उन्हें शक हुआ। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजन दंग रह गए। तत्काल इसकी सूचना टेल्को थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जय सिंह को फौरन टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि जय सिंह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे। हालांकि तनाव की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों का कहना है कि वह स्वभाव से मिलनसार थे, लेकिन हाल के दिनों में वह काफी चुपचाप रहने लगे थे और घर के लोगों से भी ज्यादा बातचीत नहीं कर रहे थे।
टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। जांच की जा रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी प्रकार का दबाव या अन्य कारण सामने आता है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

