
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह में 5 अगस्त की शाम रवि यादव को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में घाघीडीह निवासी रेहान खान और कीताडीह निवासी नेहाल तिवारी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बढ़ते दबाव और लगातार छापेमारी के कारण दोनों ने कोर्ट में सरेंडर किया। इस मामले में पहले ही तीन आरोपित गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था। घटना के दिन रेहान और योगेश एक बाइक पर मौके पर पहुंचे थे, जिनके पास चाइनीज चापड़ और उस्तरा था। वहीं, स्कूटी से समीर, पांडू और नेहाल भी घटना स्थल पर पहुंचे थे। सभी ने मिलकर रवि यादव को निशाना बनाने की साजिश रची थी। पुलिस अब रेहान और नेहाल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों और हथियारों के स्रोत के बारे में जानकारी मिल सके। बुधवार को परसुडीह पुलिस कोर्ट में रिमांड के लिए आवेदन देगी।
मामले में योगेश और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, घायल रवि यादव का बयान अस्पताल में दर्ज किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर में अब भी तीन गोलियां फंसी हुई हैं, जिन्हें निकालना संभव नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

