
उदित वाणी, जमशेदपुर : अगस्त महीना टाटानगर रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हज़ारों यात्रियों के लिए मुश्किलें लेकर आ रहा है. रेलवे ने ट्रैक मरम्मत और नई लाइनों के निर्माण कार्य के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है. छत्तीसगढ़ के किरोड़ीमलनगर में चौथी लाइन और उत्तर प्रदेश के मथुरा में तीसरी लाइन जोड़ने का कार्य जारी है. इसके चलते कई रेलखंडों में लाइन ब्लॉक रहेगा.
टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस 23 से 26 अगस्त तक रद्द रहेगी. संतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस 23 और 25 अगस्त को बंद रहेगी. वहीं, हावड़ा-मुंबई मेल और हावड़ा-सीएसटीएम सुपरफास्ट 22 और 24 अगस्त को नहीं चलेंगी. उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस 23 व 24 अगस्त को रद्द रहेगी, जबकि पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस 27 व 29 अगस्त और शालीमार-मुंबई एक्सप्रेस 23 से 28 अगस्त तक कई दिन बंद रहेगी.
ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस 1 और 2 अगस्त को तथा पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 31 जुलाई को रद्द की गई है. चक्रधरपुर मंडल के लोटापहाड़ स्टेशन पर 9 से 25 अगस्त तक ट्रैक ब्लॉक रहेगा. इसके चलते टाटानगर-राउरकेला मेमू और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस कुछ निर्धारित तिथियों को रद्द रहेगी.
हटिया-टाटा एक्सप्रेस, हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी, बरकाकाना-टाटा मेमू और अन्य कई ट्रेनों का संचालन 26 जुलाई, 29 जुलाई और 2 अगस्त को बाधित रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करें और वैकल्पिक साधनों का सहारा लें.

