
उदित वाणी, चाईबासा : न्यू कॉलोनी नीमडीह में सुमित यादव की गोली मारकर हत्या को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन चाईबासा पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है. इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता ने न सिर्फ पीड़ित परिवार को निराश किया है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी गहरी चिंता पैदा कर दी है.
घटना के पांच दिन, पर गिरफ्तारी नहीं
सुमित यादव की हत्या रविवार रात को हुई थी. घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन सदर थाना पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. जबकि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में पुलिस 24 से 48 घंटे के भीतर अपराधियों तक पहुंच जाती है, वहीं चाईबासा में पुलिस केवल जांच का दिखावा करती नजर आ रही है.
परिजनों ने उठाई आवाज, एसपी को सौंपा ज्ञापन
हत्या के पांच दिन बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो सुमित यादव के परिजन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की.
क्या बोले परिजन?
परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को संदिग्धों की पहचान और सीसीटीवी फुटेज तक मुहैया कराए हैं. बावजूद इसके अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई. जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है, उन्हें छोड़ दिया जा रहा है. यह स्थिति न सिर्फ परिवार को भयभीत कर रही है, बल्कि न्याय की उम्मीद भी क्षीण करती जा रही है.

