
उदित वाणी, पोटका: पोटका प्रखंड में शुक्रवार रात से लगातार हो रही मूसलधार वर्षा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियां उफान पर हैं, पुल-पुलियाएं बह चुकी हैं और दर्जनों गांवों में घरों एवं विद्यालय परिसरों में पानी घुस गया है। कई स्थानों पर संपर्क मार्ग टूट जाने से आवागमन पूरी तरह से बाधित है। प्रखंड की गुर्रा नदी इस समय पूरे उफान पर है। इसके आसपास के गांवों में घरों में पानी घुस गया है। सड़कों पर पानी इस कदर बह रहा है कि कहीं-कहीं पुलिया बह जाने की खबर भी सामने आई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट गया है।

लव कुश आवासीय विद्यालय में संकट, छत पर फंसे सैकड़ों छात्र
हल्दीपोखर-कोवली मुख्य मार्ग पर पंडरसोली स्थित लव कुश आवासीय विद्यालय के छात्र उस समय दहशत में आ गए, जब रात में पानी हॉस्टल के भीतर घुस आया। सैकड़ों बच्चे जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य जारी है।
अन्य गांवों की स्थिति भी गंभीर
हेसल आमदा पंचायत के खरबंद गांव में नदी का पानी घुस चुका है।
हरिना के बरडीह में सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे यातायात ठप है।
बेगनाडीह के पास मुख्य मार्ग टूटकर बह गया है, जिससे हल्दीपोखर-कोवली मार्ग पूरी तरह बंद है।
पोटका-संग्राम मार्ग पर संग्राम पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जो अत्यंत जोखिमपूर्ण है।
भालकी और बाभनबसा के बीच पुलिया बह जाने की सूचना है।
बागों-ढ़िरोल के बीच कई स्थानों पर सड़क पर तेज धार बह रही है।
प्रशासन की चुनौती – बचाव, राहत और पुनर्निर्माण
इस आपदा से उत्पन्न हालातों ने प्रशासन के समक्ष बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। जहां एक ओर बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में फंसे लोगों के लिए राहत पहुंचाना भी आवश्यक है। सड़क और पुलिया के बहने से आपूर्ति श्रृंखला भी प्रभावित हो रही है।

